सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय सेवराई गांव निवासी प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी प्रीतम सिंह ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रीतम सिंह का चयन उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय कबड्डी टीम में हुआ है। उनके इस चयन से सेवराई सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्रीतम सिंह ने 69वीं अंडर19 एसजीएफआई ( स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया) स्कूल राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की ओर से प्रतिभाग किया था। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रीतम के उत्कृष्ट खेल और तकनीकी दक्षता ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद प्रीतम सिंह का चयन राष्ट्रीय कैंप के लिए किया गया। यह कैंप आजमगढ़ में आयोजित हुआ, जो लगभग 10 दिनों तक चला। कैंप के दौरान प्रीतम ने अपनी फिटनेस, खेल कौशल और टीम भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय कबड्डी टीम के लिए किया गया।
अब प्रीतम सिंह 11 से 13 जनवरी तक पानीपत (हरियाणा) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उनके खेल जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
प्रीतम सिंह की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, गांव के लोगों, खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताई है। गांव में बधाइयों का तांता लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि प्रीतम की सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इसके पूर्व भी प्रीतम सिंह अंडर 18 में उत्तर प्रदेश का नेतृत्व कर उत्तर प्रदेश की टीम को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाया था ।
प्रीतम सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षक के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी पूरी मेहनत और ईमानदारी से खेलकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
सेवराई गांव के इस होनहार खिलाड़ी की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस सही मार्गदर्शन और अवसर की जरूरत होती है।
