संवाददाता – गाजीपुर
ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ राय ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को राष्ट्रीय करकरी अध्यक्ष के. एन. राय की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्षगण तथा राष्ट्रीय टीम के सदस्यों के साथ एक गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से संगठन विस्तार एवं अधिक से अधिक लोगों को एसोसिएशन से जोड़ने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी भूमिहार गांवों की सूची तैयार की जानी चाहिए, जिसमें प्रत्येक परिवार का विस्तृत विवरण शामिल हो। इसके लिए उन्होंने सुझाव दिया कि जिले के प्रत्येक जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष को एक-एक डायरी उपलब्ध कराई जाए तथा प्रत्येक गांव में एक रजिस्टर तैयार किया जाए। गांव स्तर पर ही जिम्मेदार व्यक्तियों को यह दायित्व दिया जाए कि वे सभी ग्रामीणों की जानकारी उसमें दर्ज करें।
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी टीम द्वारा की जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक अध्यक्ष अपने क्षेत्र के गांवों में एक से दो पदाधिकारियों की नियुक्ति करेंगे, जो गांव का संपूर्ण विवरण ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी टीम को उपलब्ध कराएंगे। यह विवरण क्रमशः ब्लॉक अध्यक्ष से जिलाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचेगा। प्रदेश टीम के सहयोग से राष्ट्रीय टीम भी प्रत्येक जिले की सतत निगरानी करेगी।
एसोसिएशन का उद्देश्य सभी को जोड़कर संगठित करना है, ताकि समाज को एक सशक्त दिशा प्रदान की जा सके।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय ‘बबलू’ ने गरीब भूमिहार परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण यदि किसी बच्चे की शिक्षा बाधित हो रही है, तो एसोसिएशन इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करेगा। साथ ही चिकित्सा सुविधाओं पर भी ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कन्या विवाह के लिए भी एसोसिएशन यथासंभव सहयोग प्रदान करेगा।
राष्ट्रीय सचिव दुर्गेश राय ने कहा कि संगठन सभी की मदद करेगा, चाहे वह व्यक्ति पूर्व में संगठन का विरोधी ही क्यों न रहा हो। यदि कोई व्यक्ति सहायता की आवश्यकता के साथ संगठन के पास आता है, तो उसकी मदद हर स्तर पर की जाएगी। यही ब्रह्मर्षि परिवार की पहचान है।
राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. दिवाकर राय ने संगठनात्मक अनुशासन, पारदर्शिता और सेवा भाव को मजबूत करने पर जोर दिया तथा सभी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जिन जिलों में जिलाध्यक्षों का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, वहाँ जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन एवं विस्तार की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय (मास्टर साहब) को सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा अब तक संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया है और सभी पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संगठन को लगातार मजबूती प्रदान की गई है।
संगठन को पूर्ण विश्वास है कि मास्टर साहब के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन और अधिक सशक्त एवं संगठित होगा।
एसोसिएशन समस्त समाज को यह विश्वास दिलाता है कि वह उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगा। अतः सभी से आग्रह है कि संगठन से जुड़कर इसे और अधिक मजबूत बनाएं।
