नंदगंज(गाज़ीपुर)। रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ब्लॉक कमेटी करंडा की बैठक कैंप कार्यालय चोचकपुर में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेड अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि सरकार की निजीकरण, उदारीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों के कारण देश में आर्थिक विषमता लगातार बढ़ रही है। जनता से वसूले गए टैक्स का उपयोग पूंजीपतियों के हित में किया जा रहा है, जबकि आम लोग जीवन की बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि मजदूरों और किसानों के खिलाफ कानून बनाए जा रहे हैं। मनरेगा कानून में बदलाव कर उसका नाम बदलना मजदूरों के अधिकारों पर हमला है तथा इससे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और गैर-संवैधानिक हाफ एनकाउंटर से भी हालात नहीं सुधर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में पार्टी को मजबूत कर संघर्ष तेज करने की जरूरत है।
बैठक में ब्लॉक मंत्री डॉ. शिवमूरत बिंद ने संगठनात्मक एवं कार्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर कई साथियों ने विचार रखे। अंत में 31 जनवरी तक सदस्यता नवीनीकरण, फंड संग्रह तथा 26 जनवरी को जिला मुख्यालय पर वाम दलों के कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कामरेड ताराचंद पांडेय ने की।
