शहर की बदहाल सड़कों और सुविधाओं के अभाव के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नौजवान और महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गाजीपुर नगरपालिका के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। अभिनव सिंह की अगुवाई में चल रहे ‘पोल खोल अभियान’ के तहत कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका ईओ को ज्ञापन के साथ शहर के व्यापारियों से चंदे में इकट्ठा की गई धनराशि की पोटली सौंपने की कोशिश की। ईओ ने ज्ञापन तो स्वीकार कर लिया, लेकिन धनराशि लेने से साफ इनकार कर दिया। अब सपा नेताओं की फौज इस राशि को सीधे सरकार तक पहुंचाने की योजना बना रही है।
विदित हो कि अभिनव सिंह के नेतृत्व में पिछले कई दिनों से गाजीपुर नगरपालिका के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कार्यकर्ताओं ने बीते दिनों शहर के व्यापारियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार को आईना दिखाने के लिए लोगों से नगरपालिका कोष के लिए प्रतीकात्मक रूप से चंदा माँगा।
मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल ने ईओ से मांग की कि शहरवासियों और व्यापारियों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत शुरू कराई जाए। अभिनव सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक शहरवासियों को सुविधाएं नहीं मिलेंगी, वे चैन से नहीं बैठेंगे और पोल खोल अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो नगरपालिका का घेराव भी किया जाएगा।
♦भ्रष्टाचार में डूबी है नगरपालिका: अलका अग्रवाल
प्रदर्शन के दौरान अलका अग्रवाल ने आरोप लगाया कि गाजीपुर नगरपालिका पूरी तरह से भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि ईओ से लेकर चेयरमैन तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
♦बजट है, पर खर्च नहीं कर रहे अधिकारी: कंचन रावत
सपा नेत्री कंचन रावत ने कहा कि “नगरपालिका के पास पर्याप्त बजट उपलब्ध है, लेकिन अधिकारी और चेयरमैन इसे खर्च करने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार पूरी तरह से फेल साबित हो चुकी है।”
इस मौके पर अलका अग्रवाल, कंचन रावत, अभिनव सिंह, वर्षा यादव, अरुण कुशवाहा, शेर अली, शाहिद, संतोष अग्रवाल, राजदीप रावत, रेहान, और राहुल गौड़ सहित कई लोग उपस्थित रहे।
