नंदगंज में जयगुरुदेव जनजागरण यात्रा का भव्य आगमन, संत पंकज जी महाराज ने दिया नाम योग का संदेश


“शाकाहार, सदाचार और नशा त्याग का किया आह्वान, कलयुग की साधना ‘सुरत शब्द योग’ पर दिया विशेष बल”

नंदगंज (गाजीपुर)। शाकाहार, सदाचार अपनाने एवं नशा त्याग का बिगुल बजाते हुए जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा के तेरहवें पड़ाव पर कल सायंकाल ग्राम सहेड़ी पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय भाई-बहनों ने उल्लासपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया।

आज आयोजित सत्संग को संबोधित करते हुए संत पंकज जी महाराज ने कहा कि यह संसार मोह का सागर है, जिसमें प्रत्येक जीव-जंतु और मानव प्राणी जकड़ा हुआ है। मोहवश ही मानव माया की छाया में भटक रहा है और उस सच्चे पिता को भूल बैठा है—कि वह कौन है, कहां रहता है और उसे कैसे पाया जा सकता है। संतों ने मोह को समस्त विपत्तियों का मूल कारण बताया है।

उन्होंने कहा कि यह कलयुग है और पिछले युगों की साधनाओं—योग, यज्ञ, जप, तप, व्रत एवं उपवास—से इस युग में जीव कल्याण संभव नहीं है। कलयुग में कलयुग की साधना ही करनी होगी, जिसे सुरत शब्द योग (नाम योग) कहा जाता है। इस मार्ग का भेद सर्वप्रथम साहब कबीर ने खोला। महात्माओं की वाणी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा—

 

“सतयुग त्रेता द्वापर बीता, काहू न जानी शब की रीता।

कलयुग में स्वामी दया विचारी, परगट करके शब्द पुकारी।”

 

महाराज जी ने बताया कि यह साधना मार्ग सर्वसुलभ है। इसमें न तो पढ़ाई-लिखाई की आवश्यकता है, न ही गाना-बजाना। केवल अंतर के कानों से ऊपरी दिव्य लोकों से आने वाली देववाणी को सुनना, उसे पहचानना और उसमें लय होना होता है। उन्होंने इस साधना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए कहा कि मार्ग सच्चा है—जो करेगा, उसे अवश्य अनुभव होगा, दिखाई भी देगा और सुनाई भी देगा।

 

नशा त्याग व शाकाहार अपनाने की अपील, मथुरा होली सत्संग मेले का दिया निमंत्रण

 

संत पंकज जी महाराज ने शाकाहार अपनाने एवं नशा त्याग की पुरजोर अपील करते हुए कहा कि नवयुवक समाज की पूंजी और देश की धरोहर हैं। उन्हें नशे की गिरफ्त से बचाना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने आगामी 3 से 5 मार्च 2026 तक जयगुरुदेव आश्रम, आगरा-दिल्ली बाईपास रोड, मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर जयकिशन साहू, इन्द्रदेव यादव, लालजी यादव, श्रीमती मीरा यादव (प्रधान), अजय यादव, अरविन्द यादव, रामजी यादव, आशुतोष यादव, अविनाश सिंह, अंगद पाल, साथ ही चूरू के मोहनलाल एवं झुंझुनू के उम्मेद सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के उपरांत जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम सकरा, ब्लॉक सदर के लिए प्रस्थान कर गई, जहां आज दोपहर 12 बजे से सत्संग समारोह आयोजित किया गया है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें