नंदगंज (गाज़ीपुर)। देवकली ब्लॉक के बरहपुर ग्राम पंचायत के प्रधान विजय कुमार सिंह सबलू ने गाज़ीपुर टीम के साथ अमेठी जिले में आयोजित दो दिवसीय आंतरिक एक्स्पोज़र विजिट में प्रतिभाग किया। इस दौरे के दौरान ग्रामीण विकास, नवाचार और संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मॉडलों का अध्ययन किया गया।
टीम को गौ–गोबर के शोधन से तैयार पर्यावरण–हितैषी प्लास्टिक पेंट का प्रदर्शन दिखाया गया।
बरहपुर ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह के अनुसार यह पेंट न केवल कम लागत में तैयार हो जाता है, बल्कि सामान्य पेंट की तुलना में 60% अधिक क्षेत्रफल कवर करता है, जिससे यह अधिक किफायती और उपयोगी सिद्ध होता है।
इसके अलावा टीम ने गांव में वेस्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण, तथा प्लास्टिक से बनी टाइल्स निर्माण तकनीक का भी विस्तृत अवलोकन किया। यह तकनीक प्लास्टिक वेस्ट को कम करने के साथ-साथ मजबूत और टिकाऊ निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने में कारगर साबित हो रही है।
ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह सबलू ने कहा कि ऐसी तकनीकों को ग्रामीण विकास योजनाओं में शामिल किया जाए तो पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
यह जानकारी बरहपुर ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि प्रतीक सिंह कुश ने दी हैं।
