– भारतीय संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
– विकास को नई गति, महापुरुषों के सम्मान में समर्पित नई पहचान
– तमकुहीराज विधानसभा में 10 महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा सुंदरीकरण : डॉ० असीम कुमार
लोक अधिकार
तमकुहीराज कुशीनगर । महापुरुषों के विचारों, आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री परम पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार महापुरुषों के सम्मान, उनकी स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा उनके स्मृति स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ० भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना (वित्तीय वर्ष 2026-27) के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज में कुल 10 महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं उनके स्मृति स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
संविधान दिवस के पावन अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठन एवं उक्त योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री परम पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इसी क्रम में आज विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज के ग्राम सभा अहिरौलीदान में विधायक डॉ० असीम कुमार राय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके स्मृति स्थल के सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए विधायक डॉ०राय ने उपस्थित ग्रामवासियों को केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
विधायक डॉ० राय ने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज या वर्ग की धरोहर नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की अमूल्य विरासत हैं। उनके विचार, आदर्श एवं सामाजिक समरसता का संदेश हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके सम्मान में स्मृति स्थलों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज में 10 महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाया जाए।
विधायक डॉ० राय ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास के साथ विरासत और जनकल्याण के साथ सामाजिक सम्मान के संकल्प को लेकर निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान भाजपा नेता जेके सिंह पटेल, मंडल महामंत्री अमित दुबे, प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप गोंड, मंडल महामंत्री रवि सिंह, रामाशीष मिश्रा, शैलेन्द्र पाण्डेय, मैनेजर सिंह, सुरेश सिंह, संजीव सिंह, नीरज सिंह, वशिष्ठ सिंह, सचिन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।
