दो महीने बाद भी होटल लूट का खुलासा नहीं, पुलिस के हाथ खाली!


 

पिस्टल की नोक पर होटल संचालक से हुई थी सवा लाख रुपये की लूट, सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बावजूद बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी पुलिस

पीड़ित न्याय के लिए अधिकारियों के काट रहा चक्कर, पुलिस के आश्वासन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

लोक अधिकार -गोविन्द शर्मा

अछनेरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव मगुर्रा स्थित होटल में हुई हथियारबंद लूट की वारदात को दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। पिस्टल की नोक पर होटल संचालक को धमकाकर करीब सवा लाख रुपये का सामान लूटने वाले बदमाश आज भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस के लगातार आश्वासनों के बावजूद खुलासा न होने से पीड़ित परेशान है और न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है।

 

ग्राम रेपुरा अहीर निवासी सत्यप्रकाश पुत्र गंधर्व सिंह दक्षिणी बाईपास हाईवे के समीप गांव मगुर्रा में ‘जय मां अम्बे’ नाम से होटल संचालित करते हैं। पीड़ित के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 12 बजे काली स्कॉर्पियो में सवार आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश होटल पर पहुंचे। बदमाशों ने पहले होटल का ताला तोड़ने का प्रयास किया। आहट होने पर होटल संचालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैला दी।

 

इसके बाद बदमाश होटल से चार बड़ी बैटरियां, एक इन्वर्टर, नकदी और अन्य सामान समेत करीब सवा लाख रुपये का माल स्कॉर्पियो में लादकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन दो महीने से अधिक समय गुजरने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।

 

सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिला सकी बदमाशों का सुराग

 

घटना की सूचना पर कुकथला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने सामने स्थित पेट्रोल पंप समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली थी। उस समय एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने फुटेज और तहरीर के आधार पर जल्द बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही लूटे गए सामान की बरामदगी हो सकी है।

 

आखिर कब होगा लूट की वारदात का खुलासा?

 

दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी खुलासा न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। हाईवे किनारे होटल में हथियारों के बल पर हुई लूट की वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में भी असुरक्षा की भावना है। पीड़ित सत्यप्रकाश ने उच्चाधिकारियों से मामले में प्रभावी कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

 

वहीं, एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज है और पुलिस टीम जांच में लगी हुई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें