पूजा देखकर लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत, बाइक सवार दो युवक घायल


सेवराई (गाजीपुर)। शनिवार की रात पूजा समारोह देखकर मित्रों के साथ घर लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सेवराई गांव में कंपोजिट विद्यालय के समीप पीछे से आए अनियंत्रित बाइक सवार ने किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक और उसका साथी भी घायल हो गए। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई गांव निवासी शंभू गुप्ता का 15 वर्षीय पुत्र यश कुमार गुप्ता शनिवार की रात अपने मित्रों के साथ परेमन शाह पोखरा पर आयोजित पूजा समारोह देखने गया था। पूजा समारोह से वह मित्रों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान कंपोजिट विद्यालय सेवराई के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित बाइक सवार ने यश गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशोर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे में बाइक चालक गोलू कुशवाहा (22), पुत्र अशोक कुशवाहा तथा बाइक पर सवार अमन राजभर (21), पुत्र यशवंत राय, निवासी लहना भी घायल हो गए। गोलू कुशवाहा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अमन राजभर को स्थानीय निजी चिकित्सालय में उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के बड़े पिता योगेंद्र कुमार गुप्ता ने बाइक चालक गोलू कुशवाहा के खिलाफ गहमर थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

इस संबंध में चौकी प्रभारी सेवराई एसपी पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मृतक के बड़े पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सड़क हादसा में मृतक यश गुप्ता शंभू गुप्ता के तीन पुत्रियों में इकलौता घर का चिराग था । मासूम उम्र में यश की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरी रात व शव पोस्टमार्टम जाने के बाद भी मृतक के घर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही । लोगों के मुंह से अनायास ही निकल जा रहा था कि पूजा देखकर घर लौटने की खुशी के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें