सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के भदौरा विकासखंड अंतर्गत मगरखाई गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति योजना के तहत क्षेत्र पंचायत की ओर से कराए जा रहे अंबेडकर पार्क के निर्माण कार्य का ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि औरंगजेब खान ने निरीक्षण किया। जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के निर्देश पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान औरंगजेब खान ने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विधायक ओमप्रकाश सिंह की मंशा है कि क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों का लाभ आम जनता को मिले और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे हों। सार्वजनिक स्थलों का निर्माण इस तरह कराया जाना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका लंबे समय तक उपयोग हो सके।
इस मौके पर पूर्व प्रधान विजय सिंह यादव, ब्रजेश यादव, सरफराज खान, सज्जाद खान, मिनहाज खान, वजैर खान, फिरदौस खान, मुमताज खान, अहमद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
