घोसी में मेमो ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, पत्नी और दो मासूम बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट


धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ

दवा लेने घर से निकले थे अवधेश, धरौली चीनी मिल के पास हुआ हादसा; कबाड़ी का काम कर चलाते थे परिवार

 

(मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के धरौली स्थित चीनी मिल के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 42 वर्षीय अवधेश की मौत हो गई। वह दवा लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वाराणसी से दोहरीघाट जा रही मेमो ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से पत्नी और दो छोटे बच्चों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

 

जानकारी के अनुसार, बड़ागांव उत्तरी निवासी अवधेश पुत्र स्वर्गीय शिवचरण मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे दवा लेने के लिए घर से निकले थे। वह धरौली स्थित चीनी मिल के पास पहुंचे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर घोसी कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

कबाड़ी का काम कर करते थे परिवार का भरण-पोषण

 

अवधेश कबाड़ी का काम करके अपने परिवार का खर्च चलाते थे। उनकी कमाई से ही घर की जरूरतें पूरी होती थीं। उनकी पत्नी कुसुम और तीन वर्षीय बेटी आरुषि तथा एक वर्षीय बेटे आयुष के सामने अब जीवनयापन की चुनौती खड़ी हो गई है। पति की अचानक मौत से पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों बच्चे अभी काफी छोटे हैं। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया है। अब पत्नी कुसुम के सामने छोटे बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने की कठिन चुनौती है।

 

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें