भांवरकोल/गाजीपुर। बेंगलुरु में आयोजित द्वितीय एशियन मास्टर्स स्वीमिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर सुखडेहरा गांव निवासी फायरमैन उपेंद्र कुमार राय ने गाजीपुर का मान बढ़ाया। 4 से 10 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में उनके अनुशासन, सहभागिता और तैराकी के प्रति समर्पण के लिए आयोजन समिति ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्हें कर्नाटक स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति प्रमुख गोपाल होसुर तथा सचिव एम. सतीश कुमार ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।
वर्तमान में लखनऊ के बख्शी का तालाब फायर स्टेशन पर तैनात उपेंद्र राय विभागीय जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी निभा रहे हैं। उनके परिवार में तैराकी की गौरवशाली परंपरा रही है। उनके चाचा स्वर्गीय ईश्वरदेव राय ने 1982 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि बड़े भाई धर्मेंद्र राय राष्ट्रीय स्तर के तैराक रहे हैं। वह वर्तमान में बरेका, वाराणसी में अधिकारी हैं।
परिवार की इसी खेल विरासत को आगे बढ़ाते हुए उपेंद्र राय ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि पर सुखडेहरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
