खबर प्रकाशित होते ही जागा विभाग, गड्ढों में डाली गिट्टी, लेकिन राह अब भी दुश्वार


सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा से गोड़सरा जाने वाले जर्जर मार्ग की समस्या को लेकर समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार विभागीय अधिकारियों की नींद टूटी। खबर प्रकाशित होने के बाद आनन-फानन में सड़क के गड्ढों में गिट्टी डालकर मरम्मत की औपचारिकता पूरी कर दी गई। हालांकि, गड्ढों में पर्याप्त मात्रा में गिट्टी नहीं डाले जाने के कारण सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है और राहगीरों की परेशानी अब भी बनी हुई है।

बताया जाता है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा से गोड़सरा की ओर जाने वाला यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के अलावा ब्लॉक और तहसील मुख्यालय तक आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क पर सेवराई व स्वास्थ्य केंद्र के बीच गड्ढों में तब्दील होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने से कई बार बाइक असंतुलित होकर गिर जाती है, जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं। वहीं, मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है।

समाचार पत्रों में सड़क की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभागीय स्तर पर गड्ढों में गिट्टी डालने का काम तो शुरू कराया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि केवल कुछ गड्ढों में ही गिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई। कई गड्ढे अभी भी पूरी तरह नहीं भरे गए हैं और सड़क पर बिखरी गिट्टी से दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से सड़क की समुचित मरम्मत कराकर गड्ढों को पूरी तरह भरने तथा सड़क को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि महज गड्ढों में गिट्टी डालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। सड़क की स्थिति को देखते हुए गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराया जाना जरूरी है, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें