सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अति प्राचीन सेवराई गढ़ी ग्राम रामलीला समिति सेवराई की वार्षिक बैठक शुक्रवार की देर शाम अनंत चतुर्दशी के अवसर पर परंपरागत रूप से आयोजित की गई। बैठक में रामलीला के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्रवाई को पढ़कर सुनाने के साथ हुई। इसके बाद आगामी रामलीला मंचन की तैयारियों, आयोजन की व्यवस्था और कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने रामलीला की पुरानी परंपरा और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखते हुए आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।
विचार-विमर्श के बाद समिति की ओर से सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सेवराई गढ़ी की रामलीला का मंचन नौ अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों को समय से पूरा करने तथा मंचन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में व्यास दीनानाथ गिरी, उपाध्यक्ष रामप्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, प्रभारी सचिव सत्यजीत सिंह, हरिनारायण सिंह, प्रदीप सिंह, रामअवधेश शर्मा, उपेंद्र लाल, श्रीनिवास कुशवाहा, गौरव सिंह ,अनील सिंह, अश्वनी सिंह ,रामजी शर्मा , विनोद सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
