जलभराव से जर्जर हुआ भदौरा-गोड़सरा मार्ग, मरीजों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी


सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भदौरा-गोड़सरा मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है। जलभराव के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों के साथ ही बुजुर्गों, मरीजों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दोपहिया वाहन सवार गड्ढों और पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

सबसे अधिक परेशानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को उठानी पड़ रही है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए लोगों को इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव और गड्ढों के कारण निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को काफी दिक्कत होती है। वहीं एंबुलेंस भी मरीजों को लेकर अस्पताल जाते समय इसी क्षतिग्रस्त मार्ग से गुजरती है, जिससे मरीजों को झटके और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा यह मार्ग भदौरा रेलवे स्टेशन के लिए भी महत्वपूर्ण है। प्लेटफार्म नंबर दो पर जाने वाले यात्रियों को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। कई लोग प्लेटफार्म नंबर एक की ओर से फुट ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफार्म नंबर दो तक पहुंचते हैं।

भदौरा-गोड़सरा मार्ग आसपास के कई गांवों को सामुदायिक स्वास्थ्यकेंद्र बाजार और प्रमुख सरकारी कार्यालयों से जोड़ता है। लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से भदौरा बाजार, ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय और जिला मुख्यालय की ओर आवागमन करते हैं। सड़क पर जलभराव के चलते नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जमा पानी धीरे-धीरे सड़क को नुकसान पहुंचा रहा है। यदि समय रहते जल निकासी और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।

समस्या को लेकर गोड़सरा गांव के युवा समाजसेवी मारूफ खान ने उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव को आवेदन पत्र सौंपकर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग आम लोगों के साथ-साथ मरीजों, एंबुलेंस, विद्यार्थियों और रेलवे यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने तत्काल संबंधित उच्चाधिकारी को फोन कर मार्ग की स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया। एसडीएम के निर्देश के बाद अब ग्रामीणों को मार्ग की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें