भांवरकोल/ गाजीपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) भाँवरकोल के प्रांगण में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण का अंतिम बैच सोमवार को सकुशल संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को आधुनिक शिक्षण कौशलों से अवगत कराया गया। एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप बच्चों में पठन-पाठन एवं गणितीय कौशल विकसित करने के विभिन्न तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से टीएआरएल (टीचिंग एट द राइट लेवल) पद्धति पर जोर देते हुए प्रशिक्षकों ने बताया कि शिक्षकों को बच्चों के वर्तमान अधिगम स्तर की पहचान कर उसी के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया अपनानी चाहिए, ताकि बच्चों की सीखने की बुनियाद मजबूत हो सके।
समस्त सात बैचों के प्रशिक्षण के दौरान संदर्भदाता (एआरपी) अमित कुमार राय, नीरज राय एवं रविशंकर राय तथा शिक्षक संदर्भदाता अनुज गौड़ एवं प्रीतू रंजन ने विभिन्न विषयों पर रोचक एवं संवादात्मक ढंग से सत्रों का संचालन किया। प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में बीआरसी कार्यालय के सहायक कश्यप राय, हिमांशु, आलोक प्रकाश, अंशु कश्यप एवं नसीम अख्तर का सराहनीय योगदान रहा
