गाजीपुर शादियाबाद। शादियाबाद क्षेत्र में सुहेलदेव स्वाभिमान सम्मान पार्टी की बैठक हुई। इसमें संगठन की मजबूती और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।बैठक में पार्टी के जखनिया विधानसभा प्रधान प्रभारी उदयभान राम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की समीक्षा की गई है। ब्लॉक अध्यक्षों और बूथ स्तर के पदाधिकारियों को पार्टी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत घर-घर संपर्क करने और संगठन को मजबूत करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जखनिया विधानसभा क्षेत्र से अधिकांश समय बाहरी व्यक्ति प्रत्याशी रहे हैं। पार्टी को विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी स्थानीय व्यक्ति को बनाना चाहिए, जो क्षेत्र की समस्याओं और जनता से भली-भांति परिचित हो।
उन्होंने कहा कि जखनिया विधानसभा क्षेत्र पिछड़ा इलाका है। क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। यदि पार्टी मुझ पर भरोसा करती है तो क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे कार्य कराने का प्रयास किया जाएगा, जो अब तक नहीं हो सके हैं।जिला अध्यक्ष गुल्लू राजभर ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें संगठन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होगी।ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश मौर्या ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर लोगों से सीधा संपर्क किया जाएगा।बैठक में ओमप्रकाश राजभर, ब्लॉक अध्यक्ष मनिहारी, ओमप्रकाश राजभर, ब्लॉक अध्यक्ष सादात समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
