तहसील मुख्यालय पर ही संचालित हो उपनिबंधक कार्यालय, बार एसोसिएशन ने बैठक कर डीएम-एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी


सेवराई (गाजीपुर)। तहसील मुख्यालय से दूर उपनिबंधक कार्यालय संचालित किए जाने के प्रस्ताव को लेकर बार एसोसिएशन तहसील सेवराई ने कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को बार एसोसिएशन की आवश्यक बैठक अध्यक्ष पारस राम एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन महासचिव सुमन्त सिंह कुशवाहा एडवोकेट ने किया। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी गाजीपुर और उपजिलाधिकारी सेवराई को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए उपनिबंधक कार्यालय को तहसील मुख्यालय परिसर में ही संचालित कराने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि प्रस्तावित उपनिबंधक कार्यालय तहसील मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थापित किए जाने की जानकारी सामने आई है। उनके अनुसार जिस भूमि को कार्यालय के लिए चिन्हित किए जाने की बात कही जा रही है, वह ग्राम सभा की भीटा भूमि है और बिहार बॉर्डर के मुख्य मार्ग पर स्थित है। अधिवक्ताओं ने सुरक्षा और आमजन की सुविधा के लिहाज से भी उक्त स्थान को उपयुक्त नहीं बताया।

बार एसोसिएशन का कहना है कि प्रस्तावित स्थल के करीब 500 मीटर के दायरे में जंगल-झाड़ का क्षेत्र है और आसपास पर्याप्त आबादी भी नहीं है। इसके अलावा तहसील मुख्यालय से भदौरा रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाले मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में दूरस्थ स्थान पर कार्यालय संचालित होने से रजिस्ट्री कराने आने वाले क्रेता-विक्रेताओं, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

अधिवक्ताओं ने यह भी कहा कि उपनिबंधक कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेजी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यालय को आबादी से दूर स्थापित करने पर स्टांप, रसीद तथा क्रेता-विक्रेता के बीच होने वाले वित्तीय लेन-देन के दौरान सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कार्यालय को तहसील परिसर में स्थापित किए जाने को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित व्यवस्था बताया।

बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश तहसील मुख्यालयों में उपनिबंधक कार्यालय तहसील परिसर में ही संचालित हो रहे हैं। ऐसे में सेवराई तहसील में भी उपनिबंधक कार्यालय को तहसील मुख्यालय परिसर में संचालित किया जाना जनहित में उचित होगा। इससे अधिवक्ताओं के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रस्तावित स्थल पर कार्यालय संचालन के बजाय तहसील मुख्यालय परिसर में ही उपनिबंधक कार्यालय संचालित कराने के संबंध में उचित आदेश जारी किया जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो बार एसोसिएशन तहसील सेवराई के समस्त अधिवक्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष पारस राम एडवोकेट, महासचिव सुमन्त सिंह कुशवाहा एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष एयाज खान, हैदर खान, वीरेंद्र राम, तौसीफ खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें