जमानिया : कस्बे के बलूआ घाट चौधरी मोहल्ले में रास्ते को लेकर विवाद में महिलाओं से अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का आरोप लगा है। पूजा चतुर्वेदी ने क्षेत्राधिकारी जमानिया को तहरीर देकर नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
तहरीर के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे पूजा परिवार की अन्य महिलाओं के साथ घर के दरवाजे के पास थीं। आरोप है कि जयप्रकाश गुप्ता, अनिल गुप्ता उर्फ मिठ्ठू, संजीत यादव, दानिश मंसूरी उर्फ शेरु, रमेश राम, संतोष राम और नन्दा रावत करीब 20 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि सभी ने महिलाओं से गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और खींचतान की। रास्ता बंद करने का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता ने तहरीर में घटना का वीडियो और अन्य साक्ष्य होने का उल्लेख करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की भी चर्चा है। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रास्ते के विवाद में महिलाओं से अभद्रता का आरोप, सीओ से कार्रवाई की मांग
