कुशीनगर। सरकारी कार्यों में शिथिलता बरतने तथा आमजन से मधुर एवं बेहतर संबंध स्थापित न कर पाने के मामले को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लेते हुए नेबुआ नौरंगिया थाने में तैनात एसआई संदीप यादव को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान एसआई संदीप यादव की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं पाए जाने की बात सामने आई। सरकारी कार्यों के निष्पादन में शिथिलता तथा आमजन के साथ समुचित व्यवहार एवं मधुर संबंध स्थापित करने में कमी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लिया।
पुलिस अधीक्षक ने विभागीय अनुशासन एवं पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों को अपने शासकीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के साथ ही आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखना आवश्यक है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेबुआ नौरंगिया संजय दुबे ने बताया कि विवेचना से संबंधित मामले में एसआई निलंबित हुए है।

