धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, वर्दी के टर्नआउट और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए कहा कि सभी जवान मानसिक और शारीरिक रूप से हर समय मुस्तैद रहें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण से संबंधित सभी उपकरणों को सक्रिय अवस्था में अपने साथ रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ड्रोन कैमरा, फॉरेंसिक वैन, चारपहिया और दोपहिया पीआरवी वाहनों की साफ-सफाई के साथ हूटर, लाइट, एमडीटी, मेडिकल किट, फायर एक्सटिंग्विशर और एंटी राइट इक्विपमेंट आदि की जांच की गई। एसपी ने पीआरवी कर्मियों को गंभीर एवं महिला संबंधी घटनाओं की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित रखने के लिए क्राइम सीन किट का सही तरीके से इस्तेमाल करने तथा रिस्पॉन्स टाइम और जीपीएस प्रतिशत में सुधार लाने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं, बैरक और मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्टता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन सोम प्रकाश वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
