धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के मठ गुरादरी में सोमवार शाम किसान नेता एवं समाजसेवी नागेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सामाजिक प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में यूजीसी के मुद्दे के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की व्यवस्था में सुधार और इसे सरल बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
बयालिस तोमर क्षत्रिय संघ के प्रतिनिधियों ने ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरियों में उचित आयु सीमा में छूट देने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि युवाओं को रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा नियमों की व्यावहारिक समीक्षा जरूरी है।
बैठक में पंचायती राज व्यवस्था में उचित प्रतिनिधित्व देने, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जारी करने में जमीन और मकान से जुड़े मानकों की समीक्षा करने तथा नियमों को अधिक व्यावहारिक और सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक आंदोलनों का उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं होना चाहिए। आंदोलनों के माध्यम से युवाओं के रोजगार, सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक भागीदारी जैसे ठोस मुद्दों को प्रभावी तरीके से सरकार तक पहुंचाने की जरूरत है।
बैठक में संदीप दास, जितेंद्र सिंह, सोमवीर यादव, छेदी सिंह, जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र सिंह, विजयबहादुर, सुबाशंकर, डॉ. अंजनी तोमर, सुनील सिंह, संजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
