तालाब से पानी निकासी नहीं होने से लंबे समय से सड़क पर भरा है पानी, बाइक सवार गिरकर हो रहे घायल; सीएचसी जाने वाले मरीज भी परेशान
सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में सेवराई जीप स्टैंड से गोड़सरा जाने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। भदौरा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित तालाब से पानी की समुचित निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय से जलजमाव बना हुआ है। पानी में सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देने से यह मार्ग राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। आए दिन बाइक सवार और पैदल राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
जलजमाव के कारण सड़क जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश और तालाब के पानी के चलते सड़क की वास्तविक स्थिति पानी के नीचे छिप जाती है। ऐसे में अनजान राहगीर और दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढे में पहुंचकर अपना संतुलन खो देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सेवराई – गोड़सरा समेत आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भी जलजमाव के बीच होकर गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
क्षेत्रीय निवासी इबरार खां ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क पर टूटे हिस्से और गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। दो दिन पूर्व वह बाइक से इसी मार्ग से गुजर रहे थे। पानी में छिपे गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका और वह बाइक समेत गिरकर घायल हो गए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क लगातार खराब होती जा रही है और राहगीरों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
समाजसेवी मिनहाज खान ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल तालाब के पानी की समुचित निकासी कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि जलजमाव और गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
