सेवराई। तहसील क्षेत्र के अठहठा गांव को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यह करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह बड़े और छोटे गड्डों से भरी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर 300 से अधिक गड्ढे हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क अठहठा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से स्कूल, बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते-जाते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गड्डों से बचने के प्रयास में कई बार लोग असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्डों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीण अशोक यादव, संजय यादव, संतोष और धनंजय ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है। हालांकि, समस्या अभी भी बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर गड्डों को भरवाया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
अठहठा गांव को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बदहाली का शिकार,जगह-जगह बड़े और छोटे गड्डों से भरी हुई
