विधायक निधि के कार्यों की परियोजना निदेशक ने की जांच, मानक के अनुरूप निर्माण के निर्देश


सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के विकासखंड भदौरा में विधायक निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुरुवार को परियोजना निदेशक गाजीपुर महेंद्र प्रताप सिंह ने स्थलीय जांच की। इस दौरान खंड विकास अधिकारी भदौरा अमित कुमार साह की मौजूदगी में अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जमीनी स्थिति का जायजा लिया। परियोजना निदेशक ने सेवराई गांव और बहुअरा गांव में विधायक निधि से कराए जा रहे सीसी रोड समेत विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया।

स्थलीय निरीक्षण के बाद परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप सिंह ने विकासखंड भदौरा के सभागार कक्ष में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सचिवों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।

परियोजना निदेशक ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति पर नजर रखने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने को कहा।

इस दौरान अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण और बैठक के दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर विशेष जोर दिया गया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें