धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बहुजन समाज पार्टी ने मऊ जिले में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए जिला पंचायत सदस्य जयभीम कुमार को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के मड़हा पट्टी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य जयभीम कुमार ने शैलेंद्र कुमार सिंटू का स्थान लिया है।
जयभीम कुमार के जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जयभीम कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
जयभीम कुमार की नियुक्ति को मऊ में बसपा के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब नए जिलाध्यक्ष के सामने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की चुनौती होगी।
