अधिकारी-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश
सेवराई (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को भदौरा ब्लॉक मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी भदौरा अमित कुमार शाह व प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार ने किया। ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई यात्रा सेवराई तहसील मुख्यालय ,यूनियन बैंक, मुख्य बाजार सतरामगंज और रेलवे क्रासिंग होते हुए यात्रा पुनः ब्लॉक मुख्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा में ग्राम पंचायत सचिव, सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए ।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अमित कुमार शाह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रीय एकता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित करना है।
प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के समापन पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा एवं एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान एडीओ पंचायत सुरेश प्रसाद, एडीओ आईएसबी जगदीश केशरी, एडीओ समाज कल्याण दिव्यांश राय, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी वकार खान, ग्राम पंचायत अधिकारी समीर राय, राजीव शर्मा, कमलकांत सिंह ,सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजली, ऋचा एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
