सेवराई। क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उसिया महादेवा मन्दिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आस पास के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।महिलाएं, पुरुष और बच्चे कांवड़ियों के वेश में गंगा घाटों पर पहुंचे। उन्होंने पवित्र गंगा में स्नान किया और कलश में जल भरकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों की ओर प्रस्थान किया। सुबह तड़के से ही उसिया महादेवा मन्दिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। कई स्थानों पर डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और शिव भजनों पर युवा और कांवड़िए झूमते नजर आए। मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
