श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर मऊ पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। आगामी त्योहारों, श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार सायंकाल पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में व्यापक रूट मार्च एवं पैदल गश्त की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष दक्षिण टोला तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

रूट मार्च संस्कृत पाठशाला से प्रारंभ होकर दक्षिण टोला थाना क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस स्टैंड तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने रूट मार्च के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।

रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों में पुलिस की सक्रियता का संदेश देना रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जिले के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और नियमित गश्त जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें