भांवरकोल / गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोंड़ी खास गांव में बहुचर्चित जामवंत कुशवाहा के चार वर्षीय मासूम सिद्धार्थ की खौफनाक हत्या को दादी कबूतरी ने ही मुंह एवं नाक दबाकर अंजाम दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपिता जामवंत कुशवाहा की मां कबूतरी देवी पत्नी तारानाथ कुशवाहा को आज हाईवे के तेतरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि कबूतरी का अपनी बहू से पैसे आदि को लेकर पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि दो बर्ष पूर्व कबूतरी ने बहू के गहने चुराए। बाद में उसने गहना तो लौटा दिया लेकिन उसके एवज में बहू से 50 हजार रूपये की मांग करती रही। साथ ही पति पर भी जामवंत को पैतृक सम्पत्ति में कुछ भी हिस्सा ना देने का दबाव बना रही थी। हालांकि मां से विवाद उसकी पत्नी ने सास को खाना आदि देने मनाकर दिया तथा जामवंत मासूम बच्चे को मां के पास भेजने से भी परहेज करते थे। जिसे लेकर सांस कबूतरी को काफी नागवार लग रहा था। इसी रंजिश को लेकर गत 6 जुलाई को बाहर खेलने निकले सिद्धार्थ को मौका देख दादी कबूतरी ने मासूम का मुंह एवं नाक दबाकर उसकी हत्या कर शव को घांस-फूस से ढंक दिया। बताते चलें की इस मामले में जामवंत ने पुलिस में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ बच्चे के गायब करने का मामला दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर पुलिस सक्रियता से पता लगाने में जुटी हुई थी। लेकिन उसका पता नहीं चल रहा था। इसी बीच चार दिन बाद घर से महज 25 मीटर की दूरी पर उसका क्षत बिक्षत शव बरामद किया गया। शव बरामद होने के बाद कबूतरी घर छोड़ भागने लगी। जिसे उसे गिरफ्तार कर दो दिनों तक थाने लाकर पुछताछ करती रही। हालांकि इस मामले में पुलिस की शक की सुई कबूतरी देवी पर ही जा रही थी। बाद में पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे आज सुसंगत धाराओं में कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुभाष यादव, कांस्टेबल गौरव राय, ज्योति पांडेय, अराधना यादव आदि शामिल रहे।
बहुचर्चित मासूम की खौफनाक हत्या में सगी दादी ने ही दिया घटना को अंजाम
