दगंज (गाजीपुर)। ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी, गाजीपुर की ओर से गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश मौर्य के सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के दवा व्यवसायियों और सोसायटी के पदाधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए अंगवस्त्र ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
सोसायटी के महामंत्री अश्वनी राय ने कहा कि बृजेश मौर्य ने अपने पूरे कार्यकाल में दवा व्यवसायियों के साथ सहयोगात्मक, पारदर्शी और सकारात्मक व्यवहार अपनाया। उन्होंने नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने के साथ-साथ व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहे। यही कारण है कि उन्होंने जिले के दवा व्यवसायियों के बीच अपनी अलग और सम्मानजनक पहचान बनाई।
चेयरमैन अजय सर्राफ के नेतृत्व में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बृजेश मौर्य की सरल कार्यशैली, निष्पक्षता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करेंगे।
अपने संबोधन में ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश मौर्य ने सभी दवा व्यवसायियों एवं सोसायटी के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गाजीपुर में उन्हें हमेशा सम्मान, स्नेह और सहयोग मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि दवा व्यवसायी जनस्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सभी को नियमों का पालन करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री पुनीत सिंघल, महामंत्री अश्वनी राय, ऑडिटर राम आशीष प्रजापति, संगठन मंत्री धीरज गुप्ता, संयुक्त मंत्री प्रदीप कुशवाहा, संजय गुप्ता सहित सोसायटी के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा सभी ने बृजेश मौर्य के उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की।
सम्मान की तालियों के बीच विदा हुए ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश मौर्य दवा व्यवसायियों ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर जताया आभार, नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं
