नंदगंज,गाज़ीपुर। शहर की प्रमुख दवा मंडी न्यू मार्केट, मिश्रबाजार में वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी, गाज़ीपुर का एक प्रतिनिधिमंडल चेयरमैन अजय सर्राफ के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद गाज़ीपुर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) धीरेन्द्र राय से उनके कार्यालय में मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंडी की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि वर्ष 1985 में स्थापित दवा मंडी न्यू मार्केट नगर पालिका परिषद के अधीन संचालित होती है। यहां लगभग 160 दवा की दुकानें हैं, जहां प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े दवा व्यवसायी थोक दवाओं की खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मंडी में आज तक कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय का निर्माण, शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट लगाने, रात्रि के समय मंडी की सुरक्षा के लिए पुलिस की नियमित गश्त एवं ड्यूटी सुनिश्चित करने, जर्जर दुकानों की मरम्मत कराने तथा दूसरी मंजिल पर गोदाम के लिए अतिरिक्त दुकानों के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन सुविधाओं के अभाव में व्यापार प्रभावित हो रहा है और लंबे समय से व्यापारी इन समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेन्द्र राय ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर मूत्रालय का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही अन्य मांगों पर भी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए चरणबद्ध तरीके से उनका समाधान कराया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन अजय सर्राफ, महामंत्री अश्वनी राय, ऑडिटर राम आशीष प्रजापति, संगठन मंत्री धीरज गुप्ता, संयुक्त मंत्री प्रदीप कुशवाहा, संजय गुप्ता सहित सोसायटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांगों पर शीघ्र अमल कर दवा मंडी को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने की अपेक्षा जताई।
