जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली देश के करोड़ों लोगों की जिंदगी – मनीष जायसवाल व विंध्यवासिनी श्रीवास्तव
कुशीनगर। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सदर विधायक पडरौना मनीष जायसवाल व विकासखंड विशुनपुरा ब्लाक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव ने सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सादर विधायक पडरौना मनीष जायसवाल व ब्लाक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, किसानों की आय वृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा की है। वहीं आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों के उपचार में वरदान साबित हुई है। किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सीधे उनके खातों में सहायता राशि पहुंचाई जा रही है।
मंडल महा मंत्री नित्यानंद पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास की नई तस्वीर देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है। आज सरकारी सेवाएं आम नागरिकों को ऑनलाइन उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं ने नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
सदर विधायक ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। देश आर्थिक, तकनीकी और सामरिक दृष्टि से लगातार मजबूत हुआ है तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां और विकासपरक सोच आने वाले समय में भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित स्वर्णिम काल बताते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

