दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का भव्य शुभारम्भ, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बोले — “मऊ और गोरखपुर के लिए लाइफ लाइन साबित होगी मेमू ट्रेन”


  • दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का भव्य शुभारम्भ, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बोले — “मऊ और गोरखपुर के लिए लाइफ लाइन साबित होगी मेमू ट्रेन”
  • कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा व सांसद राजीव राय ने दोहरीघाट स्टेशन पर सभा को किया संबोधित, क्षेत्र में दौड़ी खुशी की लहर

संवाददाता – पवन उपाध्याय

दोहरीघाट, मऊ। लंबे समय से प्रतीक्षित दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का शुभारम्भ सोमवार को शाम चार बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा तथा घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। ट्रेन के शुभारम्भ के साथ ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

दिल्ली से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन मऊ और गोरखपुर जनपद के लाखों लोगों के लिए “लाइफ लाइन” साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से जहां यात्रियों को सुगम और सस्ती यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। छोटे व्यापारियों, किसानों और विद्यार्थियों को इसका सबसे अधिक लाभ प्राप्त होगा।

दोहरीघाट स्टेशन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का पहिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्र की जनता जिस सुविधा की मांग कर रही थी, वह आज पूरी हुई है। इस ट्रेन के चलने से दोहरीघाट, गोंठा और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोंठा की प्रसिद्ध भेली और दोहरीघाट की दाल अब आसानी से बड़ी मंडियों तक पहुंच सकेगी। किसान अपने उत्पाद स्वयं बाजारों तक ले जा सकेंगे, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार को भी नया विस्तार मिलेगा।

घोसी सांसद राजीव राय ने कहा कि इस ट्रेन का श्रेय घोसी लोकसभा की जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद की गूंज संसद तक पहुंच रही है और वह लगातार क्षेत्र की आवाज बनकर संसद में जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं। सांसद ने कहा कि उन्होंने मऊ से लंबी दूरी की सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन की मांग संसद में उठाई है, जिस पर रेल मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दोहरीघाट से महानगरों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन की मांग भी की गई है और आने वाले समय में घोसी लोकसभा क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें मिलने वाली हैं।

कार्यक्रम के दौरान दोहरीघाट ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष विनय जायसवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। रेलवे स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Edited by Umashankar

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें