गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। चोरों ने विद्यालय के कमरे का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद नगर के अग्रसेन तिराहा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार रात चोर चारदीवारी फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक कक्ष का ताला तोड़ा और कमरे के अंदर रखे बड़े बक्से का लॉक भी तोड़ दिया। चोर बक्से में रखी 147 स्टील की थालियां, 170 गिलास, पांच पंखे, पांच बाल्टी, मग समेत अन्य जरूरी सामान और कुछ अभिलेख चोरी कर फरार हो गए। गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचे प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार ने कमरे का टूटा ताला देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर सामान गायब मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। विद्यालय में हुई चोरी की इस घटना से शिक्षकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
मुहम्मदाबाद के प्राथमिक विद्यालय में चोरी, ताला तोड़कर बर्तन और पंखे ले उड़े चोर
