भांवरकोल (गाजीपुर)। पश्चिम बंगाल, पांडिचेरी और असम के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को स्थानीय ब्लॉक परिसर में हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जीत की खुशी साझा की और बधाइयों का आदान-प्रदान किया। इस मौके पर आनंद राय मुन्ना ने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, सुरक्षा और सशक्त नेतृत्व के पक्ष में मजबूती से खड़ी है, जिसका स्पष्ट परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रभाव से भाजपा को लगातार जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। यह जीत संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने का परिणाम है। आनंद राय मुन्ना ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। भाजपा संगठन निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा है, जिससे लोगों का विश्वास और भी मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह स्थिर सरकार, पारदर्शी व्यवस्था और विकासोन्मुखी राजनीति की पक्षधर है। यह जीत भविष्य में और व्यापक जनसमर्थन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इस अवसर पर विमलेश राय, शिवजी राय, डबलू राय, गोलू राय, नीरज राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ जश्न में भाग लिया।
