गाजीपुर। मुहम्मदाबाद में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता पियूष कुमार राय पूरे दिन सक्रिय नजर आए। उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लोगों से संवाद कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर पियूष राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अमरुपुर, सुखडेहरा, मोहनपुरा, उसरी और रेवतीपुर सहित कई गांवों का भ्रमण किया। जहां-जहां कार्यक्रम आयोजित हुए, वहां उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने संबोधन में पियूष राय ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान के निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के सबसे बड़े प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा, समानता और न्याय के जिस रास्ते को दिखाया, वही एक मजबूत और समरस समाज की नींव है। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। भाजपा नेता पियूष राय ने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके विचारों को अपनाकर ही समाज में भाईचारा, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और ग्रामीण मौजूद रहे। पियूष राय ने बताया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम देर रात तक विभिन्न गांवों में चलते रहेंगे और वे स्वयं अधिक से अधिक स्थानों पर पहुंचकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
