गाजीपुर। भांवरकोल विकास खंड क्षेत्र के टोडरपुर स्थित सम्राट अशोक स्तंभ परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सम्राट अशोक महान का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम सम्राट अशोक क्लब भारत की जिला शाखा गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सम्राट अशोक के आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नेपाल से पधारे बौद्ध विद्वान परमानन्द शाक्य तथा मुख्य वक्ता के रूप में अवधेश मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम सभा बदौली से सम्राट अशोक महान की झांकी और चेतना यात्रा के साथ हुई। यह यात्रा बदौली, बलुआ, तराव, निकरोजपुर, कठार, जसदेवपुर और भांवरकोल सहित कई गांवों से बैंड-बाजे के साथ गुजरते हुए टोडरपुर स्थित सम्राट अशोक स्तंभ परिसर पहुंची, जहां यह एक भव्य समारोह में तब्दील हो गई।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के पाठ के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट अशोक क्लब भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र मौर्य ने लोगों से सम्राट अशोक महान के धम्म, करुणा और शांति के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता अवधेश मौर्य ने कहा कि बुद्ध धम्म संघ में आज भी वह शक्ति मौजूद है, जो पूरी दुनिया को करुणा, शांति और मानवता का संदेश दे सकती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब विश्व के कई हिस्सों में अशांति का माहौल है, तब बुद्ध और सम्राट अशोक के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान सम्राट अशोक क्लब टोडरपुर की बच्चियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। वहीं शाम के समय कुमार प्रवीण और उनके साथियों द्वारा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि परमानन्द शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि नेपाल की धरती से उन्हें यहां आमंत्रित कर जो सम्मान दिया गया है, वह उसे हमेशा याद रखेंगे और नेपाल जाकर वहां के लोगों तक इस सम्मान की भावना को अवश्य पहुंचाएंगे। उन्होंने बुद्ध और सम्राट अशोक के धम्म संदेश को मानव कल्याण और विश्व शांति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में सम्राट अशोक क्लब भारत के पदाधिकारी अरविंद मौर्य, शिव गोविंद कुशवाहा, राजकुमार, रामेश्वर कुशवाहा, रामाज्ञा कुशवाहा, नाथु मौर्य, उषा मौर्य, अर्चना मौर्य और मीना मौर्य सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय मौर्य ने किया।
समारोह के अंत में अध्यक्ष महोदय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए अगले वर्ष पुनः इसी उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्राट अशोक की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
