भदौरा (गाज़ीपुर) | संत श्रीराम शर्मा आचार्य कान्वेंट स्कूल, भदौरा में शुक्रवार को एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध किसान नेता भानु प्रताप सिंह पहुंचे, जिनका विद्यालय परिवार द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भानु प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण का महत्व बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को सपनों को हकीकत में बदलने की ताकत देती है।
इस अवसर पर स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रिंसिपल भारत लाल ने किया सम्मान
विद्यालय के प्रिंसिपल भारत लाल ने भानु प्रताप सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में भानु प्रताप सिंह ने स्कूल की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “संत श्रीराम शर्मा आचार्य कान्वेंट स्कूल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। हाल ही में सीबीएसई, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
*ग्रामीण क्षेत्र के लिए वरदान*
नेता ने विशेष रूप से स्कूल की कम शुल्क वाली उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा की सराहना की। उन्होंने कहा, “यह संस्थान शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा गांव में ही उपलब्ध करा रहा है। अब अभिभावकों को अपने बच्चों को शहर भेजने की जरूरत नहीं है। गांव में ही बेहतर भविष्य तैयार हो रहा है, जो अत्यंत सराहनीय पहल है।
भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उतरौली नौली में संत श्रीराम शर्मा आचार्य कान्वेंट स्कूल की नई शाखा शुरू हो चुकी है, जिसे भी सीबीएसई से मान्यता मिल गई है। नई शाखा में आधुनिक कक्षाएं, अनुभवी शिक्षक, स्वच्छ एवं सुरक्षित परिसर सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं कंचन राय, अंजू तिवारी, आशुतोष कुमार सिंह, नीलम गुप्ता सहित अन्य स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
अंत में प्रिंसिपल भारत लाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ और स्थानीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक विकास का प्रतीक बना।
