कचौरा मोड़ के पास अज्ञात बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर, घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा किया रेफर
अछनेरा। अछनेरा-आगरा मार्ग पर रविवार रात करीब 9:30 बजे कचौरा मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात बाइक सवार ने बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान अनमोल (20), आर्यन (19) और आलोक (21) निवासी केके नगर, आगरा के रूप में हुई है। टक्कर मारने के बाद अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछनेरा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया।
पुलिस फरार बाइक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
